कानपुर देहात। तापमान बढ़ने पर अब गेहूं व जौं की फसल में नमी बनाए रखने की जरूरत है। इधर पंप सेट खराब होने से 9 राजकीय नलकूप और बिजली दोष की वजह से 7 राजकीय नलकूप ठप हैं। इससे करीब 800 हेक्टेयर फसलों की सिंचाई अटकी है।
फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू हुई गर्माहट अब मार्च की शुरुआत में बरकरार है। औसतन 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान है। इसकी वजह से खेत में नमी सूख रही है। इधर गेहूं और जौं की फसल के लिए बढ़ता तापमान मुफीद नहीं है। ऐसे में कृषि वैज्ञानिक इन फसलों को नुकसान से बचाने के लिए सिंचाई कर खेत में नमी बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं।
मगर ऐन सिंचाई की जरूरत पर छह ब्लाकों के 16 राजकीय नलकूप दगा दे गए हैं। इसमें 15 दिन से अधिक समय से छह राजकीय नलकूप ठप हैं। जबकि एक सप्ताह से अधिक समय से दस राजकीय नलकूप बंद पड़े हैं। फसलाें की सिंचाई अटकी होने से इन नलकूपों पर निर्भर करीब 1200 से अधिक किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं। किसानों का कहना है कि जल्द राजकीय नलकूप दुरुस्त नहीं हुए तो फसलें प्रभावित होंगी। मजबूरी में निजी नलकूपों से सिंचाई करनी पड़ेगी। इससे फसल लागत बढ़ेगी और उन्हें नुकसान होगा।
........................
वर्जन.....
विद्युत दोष से खराब राजकीय नलकूपों का ब्योरा एक्सईएन विद्युत को दिया गया है। इसमें ट्रांसफार्मर खराबी वाले नलकूप ज्यादा हैं। वहीं नलकूपों की पंप सेट को दुरुस्त कराने के लिए मोटर कार्यशाला भेजी गई है। इस सप्ताह में कुछ नलकूपों से सिंचाई शुरू होने की उम्मीद है। - करुणेश सिंह, एक्सईएन नलकूप
..................
ये नलकूप हैं खराब
पंप सेट खराबी वाले : झींझक ब्लॉक में मुलही, गढि़या, आलमपुर खेड़ा, डेरापुर ब्लॉक में गहोलिया, मलासा ब्लॉक में गौरानगर, हीरापुर, सरवनखेड़ा ब्लॉक पतरा व सूरजपुर व अमरौधा ब्लॉक में रसरापुर।
बिजली दोष वाले : ट्रांसफार्मर फुंकने से बंद सरवनखेड़ा ब्लॉक में करसा, सरवनखेडा, बिल्टी, झींझक ब्लॉक में मलगांव, मलासा ब्लॉक में कुंवरपुर व संदलपुर ब्लॉक के जौरवा। केबल जलने से बंद डेरापुर ब्लॉक में छोटी बलाई।
...................
15 दिन से ये नलकूप ठप
राजकीय नलकूपों से फसल सिंचाई निशुल्क है। इसकी वजह से किसानों की फसल लागत कम हो जाती है और मुनाफा होता है। पंद्रह दिन से अधिक समय से करसा, सरवनखेड़ा, छोटी बलाई, मुलही, गहोलिया और गौरा नगर के राजकीय नलकूप बंद हैं।
.