पीएचडी की सेमेस्टर परीक्षा में फेल या फिर अनुपस्थित 157 रिसर्च स्कॉलर के रजिस्ट्रेशन कानपुर यूनिवर्सिटी ने निरस्त कर दिए हैं। अब रिसर्च स्कॉलर नए सिरे से प्रवेश परीक्षा देंगे, फिर पीएचडी की सेमेस्टर पढ़ाई कर सकेंगे। पीएचडी 2015-16 की प्रवेश परीक्षा में 500 रिसर्च स्कॉलरों को सफलता मिली। इन सबने एडमिशन लिया और छह महीने की सेमेस्टर पढ़ाई पूरी की।
इसमें से 212 रिसर्च स्कॉलरों की कक्षा में अनुपस्थिति कम रही। कुछ ने पेपर दिया लेकिन फेल हो गए। 145 रिसर्च स्कॉलर ने सेमेस्टर परीक्षा छोड़ दी। इसका संज्ञान यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लिया और सबको आवेदन फार्म भरकर दोबारा पढ़ाई करने का मौका दिया। 15 नवंबर तक आवेदन फार्म जमा करने की मोहलत दी। इसका लाभ 200 रिसर्च स्कॉलर ने उठाया और फार्म भरकर दोबारा पढ़ाई करने की इच्छा जताई लेकिन 157 ने रुचि नहीं दिखाया। इसको गंभीरता से लेते हुए ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिए। साथ ही कहा कि पुराने रजिस्ट्रेशन पर एडमिशन का मौका अब नहीं दिया जाएगा। यह राहत का अंतिम मौका था।