कानपुर देहात। जिले में राजकीय मेडिकल कालेज बनाए जाने के लिए कवायद तेज हो गई है। केंद्र सहायतित योजना के अंतर्गत प्रदेश व जिला चिकित्सालयों को उच्चीकृत कर राजकीय मेडिकल कालेज बनाए जाने को लेकर डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार, सीएमओ आदि को निर्देश दिए।
शनिवार को डीएम राकेश कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इसमें भारत सरकार की संभावित केंद्र सहायतित योजना के तहत जल्द जनपद में सर्वेक्षण किए जाने के निर्देश मौजूद अधिकारियों को दिए। जनपद में प्रस्तावित राजकीय मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए जिला अस्पताल से 10 किमी के अंदर स्थापित किया जाएगा। इस कार्य के लिए 10 एकड़ ग्राम सभा की जमीन चिह्नित किए जाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को इस पर प्राथमिकता से कार्रवाई के लिए कहा है। जिससे रिपोर्ट को शासन स्तर पर भेजा जा सके। बैठक में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अंजू वर्मा, एसडीएम सदर आनंद कुमार सिंह, तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी, सीएमओ डा. हीरा सिंह आदि लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।