कानपुर देहात। अपराध को संरक्षण देने के साथ ही अपराध करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित की शिकायत पर मामले को दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। यह बात सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान सवालों का जवाब देते हुए नवागंतुक एसपी अनुराग वत्स ने कहीं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग वत्स ने अपना परिचय देते हुए बताया कि दिल्ली कालेज ऑफ इंजीनियरिंग से कम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग में स्नातक किया। इसके बाद शाहजहांपुर, आगरा, लखनऊ में सेवाएं दीं। जनपद में आने से पूर्व सुल्तानपुर में तैनाती थी। वार्ता के दौरान उन्होंने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण करना ही उनका मूल उद्देश्य है। इसमें जो भी आड़े आएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। थानों में ऐसी व्यवस्था की जाएगी की पीड़ित को त्वरित न्याय मिले। जनपद में ट्रैफिक व्यवस्था पर भी उन्होंने अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नए स्थान पर जाने पर कुछ समय वहां एडजस्ट होने में लगता है, लेकिन आगामी 15-20 दिनों में जनपद में परिवर्तन देखने को मिलेगा। वहीं, अवैध शराब, सट्टा, गोकशी जैसे अपराध में संलिप्त लोगों को उन्होंने सख्त हिदायत दी। एसपी ने कहा कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर अभियान चलाया जाएगा और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुल्तानपुर में चलाया सच का सामना अभियान
वार्ता के दौरान एसपी ने पूर्व के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर में सच का सामना अभियान उनकी ओर से चलाया जाता था, जिसमें वादी, प्रतिवादी के साथ ही विवेचक पुलिस अधिकारी को भी एक साथ बुलाकर उनकी समस्या सुनी जाती है। इसमें अपराध को छुपाने, दबाने जैसी संभावनाएं स्वत: ही खत्म हो जाती थी और सच्चाई सामने आ जाती थी।