नगर के मोहल्ला बगिया सोहनलाल निवासी युवक से विदेशी फेसबुक फ्रेंड ने दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम शुल्क देने के बहाने 70 हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराकर ठग लिए। युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला बगिया सोहनलाल निवासी किशन कौशल की एक माह पूर्व एक विदेशी युवती के नाम से बनी फेसबुक आइडी से फ्रेंडशिप हो गई। काफी दिनों तक फेसबुक व व्हाट्सएप पर चैटिंग होती रही। एक दिन विदेशी युवती ने युवक से इंडिया आने जानकारी दी।
मंगलवार को युवती ने किशन को फोन पर बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर आ गई है। उनके पास जेवरात व विदेशी करेंसी है। यहां विदेशी करेंसी चेंज नहीं हो पा रही है। कस्टम के अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया है। इसके लिए उन्हें 70 हजार रुपये कस्टम शुल्क देना होगा।
तभी बाहर से लाया गया सामान छूट पाएगा। किशन युवती के झांसे में आ गए। उन्होंने स्टेट बैंक से 70 हजार रुपये युवती के बताए हुए बैंक खाता संख्या में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद विदेशी युवती उन्हें मिलने का भरोसा देती रही।
बुधवार को फिर फोन आया और कहा एक लाख 20 हजार रुपये की और जरूरत है। इस पर किशन को शक हुआ। उन्होंने अपने दोस्तों को पूरी कहानी बताई। दोस्तों ने कहा कि किसी ने ठगी कर ली है। इस पर किशन कौेशल कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विदेशी फेसबुक फ्रेंड ने युवक से 70 हजार ठगे
एक माह पूर्व फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
दिल्ली एयर पोर्ट पर कस्टम शुल्क देने के बहाने मांगे रुपये