झींझक(ब्यूरो)। तिलक चढ़ाने गए औरैया बेल्हूपुर की मडै़या में खाना खाने से आठ लोग बीमार हो गए। जिनको इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर सभी को घर भेज दिया गया।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी सुधीर ने बताया कि उसने अपनी पुत्री रचना का विवाह औरैया बेल्हूपुर की मड़ैया निवासी मोहित के साथ तय किया था। 17 मई शुक्रवार की शाम वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ तिलक लेकर गया था। तिलक समारोह के बाद सभी ने खाना खाया। वापस आते समय कंचौसी के पास ही रास्ते में सुधीर उसके पुत्र कौशल, पुत्री प्रिया, शिखा, गांव के विवेक, जयकरन, रामनारायण, रिश्तेदारी में आई भरथना दासीपुर निवासी मंजू को उल्टी-दस्त होने लगी। जिसके बाद सभी को झींझक सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां रात भर चले उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
सीएचसी अधीक्षक डा. राजेश कुमार ने बताया कि फूड प्वॉइजनिंग के कारण लोग बीमार हो गए थे। जो उपचार के बाद ठीक हो गए। उन्होंने सलाह देते हुए बताया कि गर्मी के मौसम में देर तक रखा हुआ या खुला रखा खाना नहीं खाना चाहिए।
तिलक समारोह में भोजन खाने से आठ लोग बीमार
- हालत बिगड़ने पर सीएचसी में कराया गया भर्ती