झींझक। थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव का एक किशोर पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इससे वह पेड़ से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, वहां उसकी मौत हो गई।
बुधवार की सुबह मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुंडेरा किन्नर सिंह गांव निवासी शिवम (13) घर से खेतों की तरफ गया था। उइछा चौराहे के पास ही सड़क किनारे लगे आम के पेड़ से आम तोड़ने लगा। इसी दौरान पेड़ की डाली से सटी निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर पेड़ से नीचे गिर गया। जमीन पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर के गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को झींझक सीएचसी ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक देख मौजूद डा. वरुण द्विवेदी ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, वहां उसकी मौत हो गई। पिता जगमोहन, मां किरन प्रभा, बहन आरती तथा भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि जिला अस्पताल से मेमो मिला है, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।