रसूलाबाद (कानपुर देहात)। भीखदेव गांव की प्रधान और उनके पति के खिलाफ एडीओ पंचायत ने 18 लाख रुपये गबन का मुकदमा दर्ज कराया है। उन पर चेकों में जमकर हेराफेरी का आरोप है।
रसूलाबाद ब्लॉक के एडीओ पंचायत पीके दीक्षित ने बताया कि प्रधान और उनके पति रतिराम वर्मा ने आठ चेकों में हेराफेरी कर धन का दुरुपयोग किया है। पांच हजार रुपये की चेक में रकम बढ़ाकर दो लाख पांच हजार रुपये कर भुगतान करा लिया गया। पांच हजार की दूसरी चेक में भी एक लाख पांच हजार धनराशि कर भुगतान निकाला गया। 25 हजार रुपये की चेक में तीन लाख 25 हजार रुपये बढ़ाकर तीन लाख निकाले गए। आठ चेक के जरिये कुल 18 लाख की हेराफेरी की गई। कुछ चेक प्रधान के पति और कुछ अलग-अलग फर्मों के नाम काटी गईं।
खाते से अधिक धन निकालने की जानकारी, पंचायत सचिव विनय वर्मा ने तत्कालीन बीडीओ संदीप कुमार को जानकारी दी। बीडीओ और जिले स्तर के अधिकारियों से जांच के बाद डीएम राकेश कुमार सिंह ने कोषाधिकारी केके पांडेय व लीड बैंक मैनेजर से जांच कराई। दोनो अधिकारियों ने फरवरी में रिपोर्ट डीएम को सौंपी।
डीएम ने बीडीओ रसूलाबाद को मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। इस पर गुरुवार को एडीओ पीके दीक्षित ने प्रधान व उसके पति पर धोखाधड़ी, सरकारी धन का गबन आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाल ललित कुमार ने बताया कि धारा 420, 467, 468, 471, 409 में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। कोतवाल ललित कुमार ने बताया कि प्रधान व उसके पति पर मुकदमा दर्ज छानबीन की जा रही है।
प्रधान और उनके पति पर गबन का मुकदमा
चेकों में धनराशि बढ़ाकर 18 लाख रुपये निकालने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो