अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर देहात। आए दिन हो रहे बारिश अब गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचाने लगी है। रविवार सुबह भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे अगैती गेहूं की ज्यादातर फसल गिर गई। लाही, धनियां और आलू की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। लाही फसल की कटाई व मढ़ाई का काम बंद हो गया।
कौसम गांव के किसान रामदास पाल ने बताया कि बारिश से लाही कटी पड़ी फसल को सबसे अधिक नुकसान है। दाना भीगने के साथ खराब होने की आशंका है। खड़ी फसल की कटाई का काम कई दिनों के लिए बंद हो गया। चंद्र नगर के किसान राजेंद्र सिंह ने कहा कि धनिया की फसल को बारिश व हवा चलने से भारी नुकसान है। धनिया की फसल नाजुक होते है बारिश से गिरने के कारण उसका दाना बेकार जाएगा।
किसान रामनारायन ने कहा कि आलू के खेतों में पानी भरने से खुदाई का काम प्रभावित है अगर मौसम इसी तरह से बना रहा तो आलू की फलस खराब हो जाएगी। आलू के सडने की संभावना बढ़ जाएगी। किसान देवनारायन यादव, राम सिंह, सर्वेश कमल आदि ने बताया कि बारिश के साथ हवा चलने से गेहूं की फसल गिर रही है यह अच्छी पैदावार के लिए ठीक नहीं है। गेहूं की फसल गिरने के बाद दाना कमजोर हो जाता है जिससे पैदावार में फर्क पड़ेगा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि लाही, आलू व धनिया के लिए पानी नुकसानदेह है अगर हवा न चले तो गेहूं को फायदा है। गेहूं के सिंचाई की जरूरत थी जिससे किसानों की सिंचाई बच गई।
बारिश होने से ठंडा भी बढ़ गई है, लोगों को फुल स्वेटर व जैकेट फिर निकालने पड़ गए हैं। सड़कों में कीचड़ व जलभराव से आवागमन मुश्किल हो गया है। अकबरपुर की सब्जी मंडी में जलभराव व कीचड़ से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। गजनेर नबीपुर मार्ग पर जगह जगह बने गड्ढों में पानी भर गया है। सड़क के किनारे एक नेटवर्किंग लाइन के लिए खुदाई किए जाने से वाहनों के निकलने में समस्या आ रही है। मिट्टी बह कर पूरे मार्ग में फैल गई है। फिसलन होने से वाहन सवार परेशान हो रहे हैं। अकबरपुर के रामसजीवन, देवी दयाल शर्मा, राजीव शर्मा आदि ने बताया कि मौसम में बदलाव से ठंड एक बार फिर लौट आई है। तेज धूप होने की वजह से लोगों ने ऊनी कपड़े रख दिए थे।
गेहूं को भी नुकसान पहुंचने लगी बारिश
बारिश के साथ हवा चलने से फसल गिरी, कमजोर हो जाएगा दाना
क्रासर
लाही, धनियां और आलू की फसल खराब होने की आशंका