अमर उजाला ब्यूरो
झींझक। शनिवार की शाम दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर दिल्ली से कानपुर की तरफ जा रही डाउन की महाबोधि एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में सवार युवक की अचानक उल्टी आने से हालत बिगड़ गई। यात्रियों चेन पुलिंग कर झींझक स्टेशन पर ट्रेन को रोक कर सूचना जीआरपी को दी। इसके बाद युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
फ रीदाबाद हरियाणा मकान नंबर 199 गणपति कालोनी अगवानपुर निवासी रवी नागर अपनी पत्नी ज्योती नागर व पुत्र नकुल (14) व अंश (10) के साथ महाबोधि एक्सप्रेस के आरक्षित कोच संख्या एस 3 में सवार होकर कानपुर जा रहे थे। बाबा कोठी किदवई नगर कानपुर में राजनारायन नागर के यहां रवी की ससुराल है। वह पत्नी बच्चों को लेकर ससुराल जा रहा था। कंचौसी स्टेशन पार करने के बाद रवी को अचानक उल्टी आने लगी। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख कोच में सवार सहयात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को झींझक स्टेशन पर 5 बज कर 30 मिनट पर रोक लिया।
सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी आरपीएफ ने बीमार रवी व उसके परिवार को ट्रेन से उतार लिया और ट्रेन को 5 बजकर 38 मिनट पर रवाना कर दिया गया। जीआरपी के ब्रजेश कुमार व आरपीएफ के संजय मिश्रा ने उसे झींझक सीएचसी में भर्ती कराया। वहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर झींझक स्टेशन से टूंडला कानपुर मेमो से कानपुर भेजा गया है। सीएचसी में मौजूद डाक्टर शिव कुमार ने बताया कि युवक का बीपी बढा था। चौकी प्रभारी जीआरपी झींझक उपेंद्र कुमार ने बताया कि बीमार यात्री को उतार कर ट्रेन रवाना कर दी गई। स्टेशन मास्टर झींझक रवी वर्मा ने बताया कि डाउन की महाबोधि एक्सप्रेस 8 मिनट खड़ी रही।
ट्रेन में सवार युवक की उल्टी से हालत बिगड़ी
-चेनपुलिंग कर रोकी गई महाबोधि एक्सप्रेस
-ट्रेन से उतार युवक को भेजा गया सीएचसी