अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर देहात। जिला मुख्यालय सड़क किनारे और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण दिन भर जाम लगा रहता है। कई बार स्थिति ये हो जाती है कि पैदल राहगीर तक नहीं निकल पाते हैं। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने अभियान शुरू किया लेकिन हाथ ठेलेवालों और आटो वालों को खदेड़कर औपचारिकता पूरी कर दी। फुटपाथ पर कब्जा जगाए बड़े दुकानदारों को छुआ तक नहीं गया।
अकबरपुर अंडरपास चौराहे से कानपुर लेन, औरैया लेन, रूरा रोड, माती मुख्यालय के लिए वाहन मिलते हैं, जिससे मुख्य चौराहे पर भीड़ भाड़ रहती है। चौराहे पर वाहनों की कतार के कारण लोगों को अक्सर ही जाम से जूझना पड़ता है। स्थानीय प्रशासन की ओर से लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए कई बार अभियान चलाया गया, लेकिन बेलगाम वाहन चालकों के साथ स्थानीय दुकानदार व ठेला रेहड़ी वालों के अतिक्रमण के कारण लोगों को जाम से निजात नहीं मिल रहा है।
गुरुवार को सदर एसडीएम की देखरेख में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। इसमें फुटपाथ पर फल, सब्जी की दुकानें व चाट आदि का ठेला दुकानदारों व आटो चालकों को खदेड़ दिया गया लेकिन बड़े दुकानदारों का सामान फुटपाथ से नहीं हटवाया गया। इसके बाद यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों का चालान काटा गया। एसडीएम ने मुख्य चौराहे पर गंदगी व ओवरफ्लो नालियों पर नगर पंचायत कर्मियों को साफ सफाई रखने की हिदायत दी। एसडीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा कि एनएचएआई को अंडरपास के सुंदरीकरण कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, कार्य में विलंब होने पर स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।
कस्बे के मुख्य चौराहे के सुंदरीकरण को लेकर कार्य चल रहा है। अडंरपास के आसपास दीवारों पर जहां सफेदी के साथ ही स्लोगन आदि लिखवा दिए ग ए हैं। वहीं पार्क में घास का कार्य पूर्ण हो चुका है। कार्य में तेजी लाने के निरीक्षण भी किया जा रहा है, लेकिन डेढ़ माह बीतने के बाद भी अभी लाइटनिंग व पौधरोपण का कार्य शेष है।
फोटो संख्या 31एकेबीपी01- अकबरपुर मुख्य चौराहे का निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य अधिकारी
फुटपाथ से आटो, ठेले वालों को खदेड़ा
बड़े अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन ने नहीं डाला हाथ