सजेती (कानपुर)। थाना पुलिस ने गुरुवार को 25 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हमीरपुर, थाना कुरारा और सजेती में पहले से ही विभिन्न संगीन धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का नाम बल्लू उर्फ सरविंद निगम पुत्र सरजू प्रसाद निगम निवासी ग्राम डामर, थाना कुरारा (हमीरपुर) है। और उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि 04 अगस्त 2017 को सजेती थानाक्षेत्र के गांव बीरबल का अकबरपुर निवासी निवासी रामप्रकाश का अपहरण कर हत्या करने के मामले में भी शामिल था। बताया कि अपने साथियों कल्लू बाबा उर्फ दिनेश सचान और छोटे यादव निवासी (घुरऊपुर-सजेती), विजय कुमार निषाद और गयादीन तिवारी निवासी मऊनखत (सजेती) के अलावा बीरबल का अकबरपुर गांव निवासी हेमराज के साथ मिलकर रामप्रकाश का अपहरण किया था और रस्सी से गला कसने के बाद हत्या कर लाश को यमुना नदी में फेंक दिया था। इस घटना के बाद से आरोपी फरार थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बीते दिनों जहां 50 हजार रुपये के इनामी कल्लू बाबा उर्फ दिनेश सचान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं, बीते बुधवार को दूसरा आरोपी बल्लू उर्फ सरविंद निगम भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बताया कि बल्लू के ऊपर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।