घाटमपुर (कानपुर)। कस्बे के मोहल्ला आशानगर/जवाहर नगर उत्तरी निवासी रिटायर हेड कांस्टेबल ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। शनिवार को उनका शव रेलवे ट्रैक पर उनका क्षत-विक्षत पड़ा मिला। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मूल रूप से एटा जिला निवासी खेमराज सिंह राठौर (63) हाल ही में एचसीपी के पद से रिटायर हुए थे। घाटमपुर में अपना निजी मकान बनवाकर परिवार के साथ रह रह थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। बड़ा बेटा सुनील परचून की दुकान किए है। जबकि, छोटा बेटा नेवी में है। बीते शुक्रवार की शाम खेमराज सिंह रोज की तरह घर से घूमने के लिए निकले थे। देर शाम घर नहीं लौटे तो परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने तलाश शुरू की। लेकिन, रात में उनका पता नहीं चला, रात में सूचना कोतवाली में दी गई।
शनिवार की सुबह खोजबीन शुरू की गई तो पता चला कि सुबह पुलिस ने कस्बे के कानपुर-बांदा रेलवे ट्रैक स्थित गोपालपुर रोड के पास अधेड़ का शव बरामद किया है, और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जानकारी होते लोग पहुंचे तो पहचान रिटायर एचसीपी (दरोगा) खेमराज सिंह राठौर के रूप में हुई। ट्रेन की चपेट में आ जाने से उनके शरीर के चीथड़े उड़ गए थे। पहचान होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।