अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। गाजीपुर कस्बा के पास सोमवार रात बोलेरो की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, उसका बहनोई घायल है। गाड़ी बहनोई चला रहा था। इनके पास हेलमेट नहीं मिला है। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे थे।
असोथर थाने के प्रेममऊ कटरा गांव निवासी श्यामलाल का बेटा अजीत कुमार (25) मजदूर है। उसकी पत्नी मोनी को एक पखवारे पहले मायके में प्रसव हुआ था। मायका गाजीपुर के समियाना गांव में है। बच्ची को देखने के लिए अजीत के बहनोई बिंदकी कोतवाली के लालपुर मंडराव गांव निवासी भोला प्रेममऊ कटरा आए। वहां से साले अजीत को लेकर बाइक से समियाना जा रहे थे।
गाजीपुर कस्बे के पास एक बोलेरो ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। दोनों घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां पर डाक्टरों ने अजीत को मृत घोषित कर दिया। बहनोई को भर्ती किया है। एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।