औरास। विद्युत विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से कस्बे के आधा दर्जन मोहल्ले में चार दिन से अंधेरा है। जिससे लोगों को गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर आपूर्ति बहाल कराने की गुहार लगाई है।
शनिवार सुबह कस्बे के गड़रियनटोला में औरास-मोहान मार्ग के किनारे भुइयां देवी मंदिर के पास रखे ट्रांसफार्मर के लिए विद्युत उपकेंद्र से आई जर्जर एचटी लाइन टूटकर गिर गई थी। जिससे कई मवेशी झुलस गए थे। ग्रामीणों ने आपूर्ति बंद कराने के लिए फोन किया था, लेकिन सप्लाई बंद नहीं की गई थी।
जिस पर ग्रामीण भड़क गए और पावर हाउस जाकर वहां मौजूद कर्मचारियों को कमरे में बंद कर जमकर नारेबाजी की थी। ग्रामीण जर्जर लाईन को बदलवाने के लिए धरने पर बैठ गए थे। सूचना पाकर शाम को पहुंचे एसडीओ ने ग्रामीणों को जल्द जर्जर लाइन और खंभे बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन चार दिन बीतने के बावजूद कोई कार्य चालू नहीं कराया गया।
जिससे कस्बे के गड़रियनटोला, खांभापार, ठकुराना औरास, पसियाना, बरुआटोला और कटरा ठकुराना में आपूर्ति बंद है। चार दिन से इस गर्मी में बिना बिजली के ग्रामीण बेहाल हैं। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या के निराकरण की गुहार लगाई। उधर इस संबंध में एसडीओ अमित आनंद ने बताया कि काम शुरू करा दिया गया है। बुधवार तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
-शनिवार को टूटी थी एचटी लाइन
-एसडीओ ने बुधवार को आपूर्ति बहाल कराने की बात कही
अमर उजाला ब्यूरो