मौसम के जानकार बोले रात में कोहरा पड़ता रहेगा
31 दिसंबर तक 15 ट्रेनें निरस्त कर दी गईं हैं। इसका कारण कोहरा बना है। कोहरे को देखते हुए रेलवे ने 15 ट्रेनों को 31 दिसंबर तक निरस्त कर दिया है। ये सभी ट्रेनें कानपुर-लखनऊ, कानपुर-रायबरेली, कानपुर सीतापुर, कानपुर प्रयाग और लखनऊ फर्रुखाबाद के बीच प्रतिदिन चलती हैं। इन ट्रेनों के निरस्त होने से दैनिक यात्रियों को काफी असुविधा होगी। वहीं रेलवे का भी रेवन्यू कम होगा। बताते चले कि लखनऊ-कानपुर के बीच गंगापुल पर काम के चलते इन सभी ट्रेनों को पहले 7 दिसंबर तक निरस्त किया गया था।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मेमू कानपुर पनकी 64163, रायबरेली कानपुर 54211, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर 54212, बालामऊ-कानपुर 54335, कानपुर बालामऊ पैसेंजर 54336, रायबरेली कानपुर 54153, कानपुर रायबरेली54154, झांसी-लखनऊ 51813, लखनऊ झांसी 51814, प्रयाग कानपुर 54101, कानपुर प्रयाग 54102, सीतापुर सिटी कानपुर 54325, कानपुर सीतापुर सिटी 54326, लखनऊ फर्रुखाबाद 55325, फर्रुखाबाद लखनऊ 55326 को 31 दिसंबर तक निरस्त किया गया है।
धूप ने चढ़ाया पारा
हवाओं की दिशा बदलने और तेज धूप की वजह से मंगलवार को मौसम का मिजाज गर्म रहा। अधिकतम पारा भी चढ़कर 27.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह पारा सामान्य से 3.5 फीसदी ज्यादा है। इसी वजह से हल्की उमस भरी गर्मी महसूस की गई। एक-दो दिन भी ऐसी गर्मी रहेगी। मंगलवार को सुबह उत्तर-पश्चिम की हवाएं चलीं लेकिन दोपहर में रुख पश्चिम-दक्षिण का हो गया। इससे वातावरण में सुबह की नमी तीन फीसदी कम हो गई। जो नमी पिछले कई दिनों से 100 फीसदी थी, वह 97 फीसदी हो गई। दोपहर की नमी में करीब 40 फीसदी की कमी आई है। यह नमी 39 फीसदी रिकार्ड की गई। गत सोमवार की नमी ही 80 फीसदी के आसपास थी। इसका असर न्यूनतम पारा पर भी पड़ा। मंगलवार को न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि रात में कोहरा पड़ता रहेगा। दिन में आसमान साफ होगा। बुधवार को पारा गिर सकता है।