कोरोना के 15 नए रोगी मिले, अकेले डिप्टी पड़ाव से सात
24 घंटे के अंदर 28 को कोरोना की पुष्टि, संक्रमितों की कुल संख्या 367 हुई
डिप्टी पड़ाव बना हॉटस्पॉट, ईश्वरीगंज कोरोना संक्रमण का नया क्षेत्र
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर।
शुक्रवार को कोरोना के 15 नए रोगी मिले हैं। इसके साथ ही 24 घंटे के अंदर 28 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और केेजीएमयू लखनऊ की लैब से इन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। खास बात यह है कि शुक्रवार को अकेले डिप्टी पड़ाव क्षेत्र से कोरोना के सात संक्रमित मिले हैं। यहां पहले मिल चुके रोगियों से ये संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा बिठूर के ईश्वरीगंज, सिंहपुर की एक प्रवासी महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। यह संक्रमण का नया क्षेत्र है। संक्रमितों को रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। शहर में अब कुल संक्रमितों की संख्या 367 हो चुकी है।
शुक्रवार को कोविड लैब की रिपोर्ट में डिप्टी पड़ाव की 15 वर्षीय लड़की में कोरोना की पुष्टि हुई। उसके पिता भी पहले पॉजिटिव आ चुके हैं और अस्पताल में हैं। इसके अलावा इसी क्षेत्र के 60 वर्षीय बुजुर्ग, 39 वर्षीय महिला, 14 साल के किशोर, 10 साल की बच्ची, 59 साल के बुजुर्ग और 50 साल की महिला पॉजिटिव मिली हैं। ईश्वरीगंज की प्रवासी युवती (27) कुछ दिन पहले अहमदाबाद से लौटी है। हलीम कंपाउंड, सीसामऊ की 40 वर्षीय महिला प्राइवेट लैब की जांच में संक्रमित मिली है। इसके अलावा बर्रा के 43 वर्षीय पुरुष, फत्तेपुर (ककवन) की 26 वर्षीय युवती, गोविंदनगर के 33 वर्षीय युवक और नई बस्ती, कैंट के 27 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही प्राइवेट लैब से साकेत नगर की 50 वर्षीय महिला के संक्रमित होने की रिपोर्ट आई है। वहीं, खलासी लाइन के एक निजी नर्सिंगहोम में भर्ती गुजैनी आई ब्लाक की महिला (34) को भी प्राइवेट लैब से कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।