कानपुर। सूफियान उर्फ कनखड़ा, अंकित कमल उर्फ कल्लू रंगा, शनि गौड़ उर्फ टोनी, साकिब उर्फ छंगा समेत 15 को छह माह के लिए जिला बंदर किया गया है। बिठूर का नीलू तीन महीने के लिए जिला बदर हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर चमनगंज, बजरिया, बिठूर, नवाबगंज, कर्नलगंज पुलिस ने बुधवार को की।
चमनगंज के सफीदाबाद क्षेत्र के सूफियान उर्फ कनखड़ा पर चमनगंज, जाजमऊ थाने में वसूली, जानबूझकर चोट पहुंचाने, धमकी देने समेत अन्य धाराओं में एफआईआर है। बजरिया के रविंद्र के खिलाफ चकेरी व बजरिया थाने में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, चोरी, जबरन घर में घुसने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। बिठूर के करण राठौर उर्फ प्रिंस पर सचेंडी व बिठूर थाने में डकैती, छिनैती, चोरी से संपत्ति प्राप्त करने में एफआईआर है।
बिठूर के नीलू पर बलवा, मारपीट, धमकी देने, एससी-एसटी एक्ट में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसी थानाक्षेत्र के अंकित कमल उर्फ कल्लू रंगा पर बिठूर व पनकी में डकैती, चोरी की संपत्ति बेईमानी से प्राप्त करना, बिठूर के ही संदीप निषाद पर बिठूर थाने में मारपीट, बलवा, अभद्रता करने की धाराओं में एफआईआर हुई थी। कर्नलगंज के साकिब उर्फ छंगा पर कर्नलगंज व बजरिया में आपराधिक षड़यंत्र रचने, जुआ खेलने, धर्म परिवर्तन अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज है। नवाबगंज के शनि गौड़ उर्फ टोनी पर नवाबगंज थाने में डकैती, शांतिभंग में एफआईआर हुई। नवाबगंज के आनंद निषाद पर कोतवाली व नवाबगंज थाने में डकैती, आपराधिक बल की प्राथमिकी दर्ज की गई। सचेंडी के रणविजय सिंह पर सचेंडी थाने में आपराधिक अतिचार, जबरन वसूली में प्राथमिकी दर्ज है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार ने बताया कि नौ आरोपियों को छह माह और एक को तीन माह के लिए जिला बदर किया गया है। इसके अलावा सेन पश्चिम पारा के राम सिंह उर्फ अमन, राकेश प्रजापति, जाजमऊ के दिलशाद खान उर्फ भूरे, नौबस्ता के निहाल सोनकर को छह-छह माह के लिए जिला बदर कर दिया। जाजमऊ के मो. फिरोज और चकेरी के हिमांशु उर्फ ईशू यादव पर दो-दो माह के लिए जिलाबदर की कार्रवाई हुई। ब्यूरो