अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बसरेहर थानाध्यक्ष की कार्यशैली के खिलाफ सामाजिक उत्थान जनसेवा समिति के अध्यक्ष ब्रजकिशोर शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। ग्रामीण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। इनमें दिव्यांगजनों के अलावा महिलाएं भी शामिल रहीं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बसरेहर थाना प्रभारी अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं और पुलिस मनमानी करते हुए गरीबों को लूटने में लगी है। समाज में हो रहे अन्याय को रोकने और गरीब मजलूमों की आवाज उठाना समिति का कार्य है। पदाधिकारियों का कहना है कि अपराध के खिलाफ लड़ने वालों के साथ पुलिस फर्र्जी मुकदमे लगाकर जेल भेजने की धमकी देती है।
समिति के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी पर अपने साथ अभद्र व्यवहार किए जाने, कस्बा में सरेआम शराब बिकवाने, मीट के कारोबारियों से मोटी रकम लेने जैसे आरोप लगाए हैं। साथ ही कहा है यदि उन पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह15 जून से कचहरी में एसएसपी कार्यालय के सामने अनशन करने को बाध्य होंगे।
एसएसपी आवास आए लोगों में श्याम सिंह सक्सेना, राजेश कुमार, राजकुमार, शैतान सिंह, किरन देवी,अर्चना देवी, सत्यवती, विमला देवी, श्यामवती, रूपकली, कुलदीप, संसारवती आदि शामिल रहे। एसएसपी आवास पर प्रार्थना पत्र देकर ग्रामीण चले गए।