अमर उजाला ब्यूरो
कदौरा (जालौन)। हिस्ट्रीशीटर की प्रताड़ना से तंग पत्नी कदौरा थाने पहुंच गई। उसने खुद पर ढाये जा रहे जुल्म के बारे में तो बताया ही, साथ ही यह भी बताया कि उसका पति किसी की बाइक लूट लाया है। इस पर पुलिस ने छापा मारकर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली। बाइक कानपुर की बताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कदौरा के अलीपुरा गांव की महिला ने बताया कि तीन साल पूर्व से उसने महपाल सिंह पुत्र संतराम निवासी हांसा से प्रेम विवाह किया था। बताया कि बाद में पता चला कि उसका पति हिस्ट्रीशीटर है। आरोप लगाया कि पति उसे गलत काम कराने के लिए मजबूर करता है। मना करने पर आए दिन उसके साथ मारपीट करता है।
कई दिन खाना भी नहीं देता है। उसने यह भी बताया कि पति के पास एक बाइक भी है, जो कानपुर से लाया है। आरोप लगाया कि उसने किसी की हत्या कर बाइक लूटी है। महिला ने यौन शोषण का भी आरोप लगाया।
इस पर हरकत में आई पुलिस ने घर में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। थानेदार मुकेश वर्मा का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर के पास से बाइक भी बरामद की गई है। उसके नंबर के आधार पर पुलिस की एक टीम कानपुर भेजी है, जिससे यह पता चल सके कि बरामद बाइक किसकी है।
-प्रताड़ना से तंग आकर महिला कदौरा थाने पहुंची
-प्रेम विवाह किया था, यौन शोषण का भी आरोप