उन्नाव। शहर के गदनखेड़ा में ट्रक की सर्विस कराने के बाद बाइक से मगरवारा जा रहे ट्रक चालक को डंपर ने टक्कर मार दी। घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक भाग निकला। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
सदर कोतवाली के देवाराकला निवासी आशीष (22) पुत्र महाबीर पेशे से ट्रक चालक था। शुक्रवार दोपहर वह गदनखेड़ा में ट्रक की सर्विस करा रहा था। सर्विस कराने के बाद वह बाइक से मगरवारा जाने लगा। अभी वह शहर के इंद्रा नगर में पहुंचा था तभी मिट्टी उतारकर आ रहे डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर से आशीष सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया।
क्षेत्रीय लोगों ने आशीष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां दो घंटे तक चले उपचार के बाद आशीष की मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना पर पिता महाबीर व मां रामा जिला अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देख वह बिलख पड़े। पिता महाबीर ने बताया कि आशीष सबसे बड़ा बेटा था। वह ट्रक चलाकर परिवार का खर्च चलाता था। जिला अस्पताल चौकी इंचार्ज रामजीत ने बताया कि डंपर चालक की पहचान कराई जा रही है। परिजनों ने अभी घटना की कोई तहरीर नहीं दी है।
-गदनखेड़ा से मगरवारा जा रहा था, इंद्रानगर में हुआ था घायल