फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला बजरिया सालिगराम में 11 केवी लाइन का तार टूटकर गिरने से भगदड़ मच गई। तार की चपेट में आने से बाइक, स्कूटी और साइकिल के टायर जल गए। बिजली बंद होने के बाद तार को वहां से हटाया गया। मोहल्ले के लोग कोतवाली घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे।
शहर के मोहल्ला बजरिया सालिगराम में 11 केवी की लाइन कौशल किशोर की परचून की दुकान के पास से निकली है। मोहल्ले के रहने वाले विनय प्रधान की परचून की दुकान के नजदीक बाइक खड़ी थी। अंचल मणि राजपूत शाम के समय बच्चों को पढ़ाने मोहल्ले में एक घर में आई थी। उन्होंने दुकान के नजदीक स्कूटी खड़ी कर दी थी। 11 केवी लाइन का तार अचानक टूट कर बाइक और स्कूटी पर गिर गया। इससे दोनों के टायर जलने लगे। यह देखकर वहां से निकल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई।
तब बिजली बंद होने के बाद स्थानीय लोगों ने तार को वहां से डंडा से हटा दिया। कौशल किशोर गुप्ता की साइकिल के टायर भी तार की चपेट में आने से जल गए हैं। सूचना पर पहुंचे लाइन मैन से लोगों की जमकर नोकझोंक हो गई। गुस्साएं मोहल्ले के लोग घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली गए। दरोगा महेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। तार टूटने के कारण मोहल्ले की बिजली बंद कर दी गई।