अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर देहात। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद श्यामबाबू के नाम से गांव में सड़क बनाई जाएगी। जल्द ही इसका प्रस्ताव ग्राम सभा की बैठक में पास कराया जाएगा।
सीडीओ महेंद्र कुमार राय ने बताया कि शहीद के अंत्येष्टि स्थल पर स्मारक और उनके नाम पर सड़क बनाने की मांग परिजनों ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह से की थी। अंत्येष्टि ग्राम समाज की भूमि पर बने खेल मैदान पर हुई थी। इसके लिए ग्राम पंचायत के प्रस्ताव की जरूरत है। खेल मैदान और सड़क के लिए ग्राम पंचायत में प्रस्ताव के लिए ग्राम पंचायत में खुली बैठक (ग्राम सभा) कराने के निर्देश बीडीओ डेरापुर को दिए गए हैं।
जल्द ही बीडीओ गांव में बैठकर कर प्रस्ताव पास कराएंगे। सीडीओ ने कहा कि गांव के मुख्य मार्ग से अंत्येष्टि स्थल तक सड़क बनवाई जाएगी। इसका सड़क का नाम शहीद श्यामबाबू मार्ग रखा जाएगा। सीडीओ ने कहा कि गांव अंत्येष्टि के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा को गांव में विकास कार्यों का एक खाका भी ग्रामीणों ने दिया था। उस पर भी बीडीओ को बुलाकर जानकारी ली जाएगी। गांव में नाली, खडंजा, पेयजल, शौचालय सहित सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
शहीद श्यामबाबू के नाम पर बनेगी सड़क