उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर रविवार शाम करीब चार बजे हुसैननगर चौराहे पर सेब लदा लोडर स्कूटर को टक्कर मारते हुए पलट गया। हादसे में स्कूटर पर सवार कानपुर निवासी पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। स्कूटर सवार हेलमेट लगाए थे। हादसे के बाद लोडर चालक भाग निकला।
कानपुर शहर के मोहल्ला फीलखाना के मकान नंबर 28/140 निवासी गोपी दीक्षित (65) मूलरूप से अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव बड़ौरा के निवासी थे। रविवार शाम करीब चार बजे बेटे कृष्णा दीक्षित (24) के साथ स्कूटर से अपने गांव गेहूं लेने जा रहे थे। कानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर शहर कोतवाली के हुसैन नगर चौराहे पर वह दोनों स्कूटर से गांव जाने वाले मार्ग पर मुड़ रहे थे। तभी पीछे से लखनऊ की ओर जा रहे सेब लादे लोडर ने स्कूटर में टक्कर मार दी और पलट गया।
हाईवे पर तैनात पीआरवी के दरोगा सुनील मिश्रा दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाए। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर ललऊखेड़ा चौकी इंचार्ज जितेंद्र यादव किला चौकी इंचार्ज अनिल पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। हादसे में मृत कृष्णा बीएससी का छात्र था। जबकि पिता ट्यूशन पढ़ाते थे। मृतका का छोटा बेटा तेजस व परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे हैं।
-लखनऊ-कानपुर हाईवे पर हुसैननगर चौराहे के निकट हुआ हादसा
-कानपुर से स्कूटर से दोनों अचलगंज के गांव बड़ौरा गेहूं लेने जा रहे थे