सिकंदरा(कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के हरिहर मोड़ के पास रविवार देर रात बाइक में डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा अधेड़ बाल-बाल बच गया। पुलिस ने दोनों शवों पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जालौन थाना कालपी के बरदौली निवासी देवी देवी सहाय बाइक से अपनी पत्नी मधु (45) व बेटे अमन (11) को लेकर अमराहट के जमालपुर गांव में अजय कटियार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सिकंदरा के विकास नगर में हरिहरपुर की ओर जाने वाली सड़क पर सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें देवी सहाय उछल कर दूर जा गिरे जबकि उसके पत्नी व बेटे डंपर के नीचे गए आ गए। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। डंपर बिलासपुर विछौली के यमुना नदी घाट से बालू लादकर हाईवे पर आ रहा था। घटना की सूचना जमालपुर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। वहां शादी की खुशियां मातम में बदल गई। इधर, घटना की जानकारी पर सीओ रामकृष्ण मिश्रा व एसओ मानिक चंद्र पटेल ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। एसओ ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने चालक को डंपर समेत पकड़ लिया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। कहा कि तरहीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।