बहुआ। बांदा-टांडा हाईवे मार्ग पर पिकअप की टक्कर से शुक्रवार भोर एक महिला की मौत हो गई। वह पैदल सड़क पार कर रही थी। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। सड़क पर जाम लगाकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर यातायात बहाल करा सकी।
ललौली थाना क्षेत्र के शंकरपुरवा गांव निवासी मइयादीन की पत्नी ननकी देवी (58) नित्यक्रिया को जंगल जा रही थीं। सैंबसी मोड़ पर बांदा की तरफ से आई तेज रफ्तार पिकअप ने महिला को टक्कर मार दी। महिला उछलकर दूर जा गिरी। हादसे के बाद पिकअप महिला को कुचलते हुए भाग गई। घटना देखकर आसपास के लोग पहुंचे। परिजनों को सूचना दी। मौके पर शंकरपुरवा, सैंबसी, खाभर, भोदर गांव के सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने 100 नंबर पर सूचना दी। भीड़ पर वाहनों को आने जाने से रोक दिया। ईंट पत्थर बिछाकर जाम लगा दिया। ट्रक, बस, चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गई। शंकरपुरवा से यमुना पुल और मुत्तौर तक दो घंटे तक जाम लगा रहा। कार्यवाहक एसओ मुमताज खान ने ग्रामीणों को मुआवजे और वाहन चालक को पकडने का आश्वासन दिया। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। मइयादीन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। महिला के तीन बेटे छोटका निषाद, राजू निषाद और रामबाबू निषाद व दो शादीशुदा बेटियों रामसखी, केवला देवी हैं। मइयादीन निषाद गांव के बाहर परचून की गुमटी से घर खर्च चलाते हैं।
हादसे में महिला की मौत पर हंगामा
बांदा-टांडा हाईवे मार्ग पर सड़क पार कर रही महिला को पिकअप ने मारी टक्कर
ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाया, नारेबाजी, करीब दो घंटे बाद यातायात हुआ बहाल
अमर उजाला ब्यूरो