सफीपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव दरौली में आम के बाग की रखवाली कर रहे बड़े भाई को खाना देने जा रहा युवक टूटी पड़ी एचटी लाइन की चपेट में आ गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना पर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। सूचना पर कोतवाली प्रभारी व एसडीएम पहुंचे। एसडीएम ने परिजनों को जल्द मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया।
सफीपुर कोतवाली के दरौली गांव निवासी करन (19) पुत्र पोली का बड़ा भाई लखन गांव के ही मुन्ना बाजपेई की बाग की रखवाली कर रहा था। रविवार सुबह करन अपने भाई लखन को खाना देने जा रहा था। बाग के पास ही टूट कर गिरे विद्युत लाइन की चपेट में आकर करंट लगने से मौत हो गई।
लखन ने छोटे भाई को डंडे से छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंचे परिजनों विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी पर एसडीएम कृपाशंकर यादव, कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने परिजनों को विद्युत लाइन दुरुस्त कराने और मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक हंगामा चला। करन तीन भाईयों में सबसे छोटा था। ग्राम प्रधान अनीता मिश्रा ने बताया कि तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर विद्युत लाइन ठीक कराने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने अनसुनी कर दी।
-एसडीएम ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया
-बाग की रखवाली कर रहे बड़े भाई को देने गया था खाना
अमर उजाला ब्यूरो