कानपुर देहात। रसोई गैस की किल्लत के बीच पीएनजी उपभोक्ताओं को अब अपना घरेलू एलपीजी सिलिंडर डिस्ट्रीब्यूटर के पास जमा कर कनेक्शन सरेंडर करना होगा। जिले के अकबरपुर क्षेत्र को मॉडल बनाते हुए करीब 1400 घरों में पीएनजी कनेक्शन हैं। इन्हें यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अब इनकी बुकिंग पर भी रोक लगा दी गई है।
जिले में कुल 4, 65, 965 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इसके अलावा पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) के 1400 कनेक्शन हैं। इन लोगों ने अभी घरेलू एलपीजी सिलिंडर सरेंडर नहीं किया है। अब रसोई गैस की किल्लत से राहत के लिए शासन की ओर से पीएनजी उपभोक्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वैच्छिक रूप से घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दें। अन्यथा की स्थिति में डेटाबेस से मिलान के बाद रिफिल प्रक्रिया ब्लॉक कर दी जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील ने बताया कि पाइप्ड प्राकृतिक गैस कनेक्शन रखने वाला कोई व्यक्ति घरेलू एलपीजी कनेक्शन नहीं रख सकेगा। साथ वह किसी भी सरकारी तेल कंपनी व उनके वितरकों के माध्यम से घरेलू एलपीजी सिलिंडरों का रिफिल प्राप्त कर सकेगा। ऐसे व्यक्तियों को जिनके पास दोनों ही रूप में कनेक्शन हैं वे अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन को तत्काल वापस कर दें। पीएनजी कनेक्शन धारकों की सूची गैस कंपनियों को उपलब्ध करा दी गई है। इनके रिफिल पर भी रोक लगाई जा रही है।