कानपुर। गवाह चुस्त, वादी सुस्त वाली कहावत उद्यमी समाधान दिवस के मामले में सही साबित हो रही है। शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र में आयोजित दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी तो 14 मौजूद रहे, समस्याएं हल कराने को सिर्फ दो उद्यमी और दो व्यापारी ही पहुंचे। आलम यह है कि उद्यमियों ने तीसरा तो अधिकारियों ने छठा समाधान दिवस बताया। दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़े 39 मुद्दे आए। पनकी साइट-3 के व्यापारी भी उद्यमियों की बैठक में पहुंचे।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार ने बताया कि नगर निगम की 18, जल संस्थान की एक, अग्निशमन की तीन, केस्को की चार, ट्रैफिक की दो, यूपीएसआईडीसी की चार, बैंक की दो, सिंचाई की एक, केडीए, कारखाना से जुड़ी दो-दो समस्याएं आईं। अग्निशमन, ट्रैफिक, बैंक की सभी और निगम की स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, कूड़ा उठान आदि समस्याएं दूर करा दी गईं। कई का प्रस्ताव संबंधित विभागों को भेजा गया। अनुपस्थित विद्युत सुरक्षा, वन विभाग को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। बैठक में आईआईए के सलाहकार मनमोहन राजपाल, जेएस दिनेश बरासिया, व्यापारी अजय पांडे, ज्ञानेंद्र अवस्थी समेत आरबी यादव, वीके मिश्रा, आशुतोष पांडे, संजय कुमार, जीपी विश्वकर्मा, नरेश वर्मा, शैलेंद्र कुमार आदि अधिकारी रहे।
बजरंग एस्टेट पर फांस
पनकी स्थित बजरंग एस्टेट के उद्यमियों के मुताबिक उन्होंने यहां केडीए के लेआउट प्लान के मुताबिक निर्माण कराया है, जबकि केडीए का कहना है कि उन्होंने नक्शे पास ही नहीं किए। ऐसे में ये सभी निर्माण अवैध हैं। मामले को उद्योग बंधु की बैठक में रखने पर विचार किया गया।
लाइसेंस हुए रिन्यू
कई वर्षों से अटके लाइसेंस रिन्यूवल के 30 आवेदनों में 10 का लाइसेंस रिन्यू हो गया। 3 में आपत्ति लगी और 17 मामले विचाराधीन श्रेणी में आ गए हैं।