हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कीटनाशक बनाने वाली फैक्ट्री में रखरखाव के दौरान गैस का रिसाव हो गया। इससे फैक्टरी में काम कर रहे 14 मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर दो का उपचार कराया गया, इनमें से एक की मौत हो गई। घटना से नाराज मृतक के परिजनों ने फैक्टरी गेट पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
प्रशासन के हस्तक्षेप से फैक्टरी प्रबंधन ने मृतक आश्रितों को नौ लाख रुपये की सहायता की घोषणा की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। संडीला के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में कीटनाशक (पेस्टीसाइड्स) बनाए जाते हैं। गुरुवार की शाम वहां साफ-सफाई का कार्य चल रहा था।
परिसर में लगे विभिन्न पाइप्स की भी सफाई हो रही थी। इन्हीं में से एक पाइप से गैस रिसाव हुआ और चपेट में आकर 14 मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बाद 12 मजदूरों को तो राहत मिल गई, लेकिन बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर निवासी रामौतार (40) पुत्र बोधराज और कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रिठवे निवासी राजू पुत्र सहजराम की स्थिति गंभीर हो गई।