खुली बैठक में समर्थकों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
राजापुर। रामनगर ब्लाक के नांदिनकुर्मियान में राशन की दुकान के आवंटन के लिए खुली बैठक हुई। दावेदारों के समर्थकों के हंगामा करने पर दुकान का आवंटन नहीं हो पाया।
एडीओ (पंचायत) रूपनारायण सिंह, ग्राम प्रधान राजकिशोर, सचिव सुरेश चंद्र व एसआई योगेंद्र सिंह की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई। जिसमें 307 ग्रामीण मौजूद हुए। दुकान के दावेदारों ने अपनी बात रख समर्थन होने का दावा किया तो इसी बीच कुछ दावेदारों के समर्थकों ने पक्षपात का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। काफी देर तक हंगामा देख अधिकारियों ने मानक पूरा न होने की बात कहकर बैठक स्थगित कर दी। जिससे नए कोटेदार का चयन अधर में लटक गया है। पुराने कोटेदार के खिलाफ कुछ ग्रामीणों की शिकायत पर जांच के बाद उसे निरस्त कर दिया गया है। जिससे नई दुकान का आवंटन होना था। दुकान के दावेदारों ने चयन कमेटी पर भी पक्षपात करने का आरोप लगाया। दावा किया कि उनके पक्ष में ज्यादा समर्थन होने के बावजूद किसी खास को लाभ दिलाने के उद्देश्य से यह बैठक स्थगित कर दी गई है।