कानपुर देहात। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठी के साथ ही रैली का आयोजन किया गया। विभिन्न जागरूकता माध्यमों से एड्स के प्रति लोगों की भ्रांतियों को दूर किया गया। साथ ही उन्हें बीमारी से बचाव के लिए सावधानियां भी बताई गईं।
अकबरपुर के अहिल्याबाई होल्कर इंटर कालेज में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हीरा सिंह की अध्यक्षता में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंची विशिष्ट अतिथि सिविल जज एकता वर्मा ने लोगों की भ्रांतियों को दूर कर बीमारी के बारे में जागरूक किया। सुमित्रा सामाजिक कल्याण संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक हरिशंकर ने एचआईवी के कारणों के बारे में लोगों को बताया। उन्होंने कहा कि सावधानी ही बीमारी से बचाव है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिला का एचआईवी परीक्षण, जन्म लेने वाले शिशु का एचआईवी परीक्षण कराया जाए। इसके साथ ही सिरिंज को साझा न किया जाए आदि के बारे में मौजूद लोगों को बताया। वहीं, जिला क्षय रोग अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने भी बीमारी को लेकर जागरूक किया। इस दौरान तहसीलदार ऋषि कांत राजवंशी, अनुराग मिश्रा, कुलदीप सिंह गौतम, रवि पांडेय, अनिल कुमार मिश्रा, शिप्रा यादव, शैलेंद्र, अमित कुमार आदि लोग मौजूद रहे। राजपुर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में गोष्ठी का आयोजन किया गया। एसीएमओ डा. एपी वर्मा ने एड्स के बाबत जानकारी देते हुए कहा कि इस बीमारी में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। बीमारी के लक्षण लगातार बुखार, चक्कर और दस्त आना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही एड्स बीमारी का बचाव है। इस दौरान डीसीपीएम डा. निवेदिता सिंह, डा. एसके गुप्ता, आकाश कुमार, पीएचसी प्रभारी डा. डीके सिंह, रविन्द्रजीत सिंह, मुकेश कुमार सहित सैकड़ों आशा संगिनी मौजूद रहीं।