फर्रुखाबाद। बैंक से रुपये निकाल कर खरीदारी करने के दौरान टप्पेबाजों ने डिग्गी का ताला तोड़ कर नगदी ले गए। सूचना पर पुलिस ने जांचपड़ताल की। एक दुकान के सीसीटीबी में टप्पेबाज कैद हो गए।
थाना अमृतपुर के गांव नगला हूसा निवासी राजकुमार गुरुवार को बाइक से फतेहगढ़ की पंजाब नेशनल शाखा से रुपये निकालने के लिए आए थे। राजकुमार के साथ में उनकी मां छोटी बिटिया भी थी। बैंक से 38 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद 20 हजार रुपये अपनी जेब में रख लिए और 18 हजार रुपये बाइक की डिग्गी में रख
लिया। इसके बाद मां को लेकर कुछ दूर जाकर एक दुकान से खरीददारी करने के लिए बाइक को खड़ा कर दिया। इस बीच टप्पेबाजों ने डिग्गी का ताला तोड़ कर उसमें रखें रुपयों को निकल ले गए। जब राजकुमार मौके पर आए तो डिग्गी का ताला टूटा पड़ा था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांचपड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने एक दुकान में लगे सीसीटीबी को चेक किया। जहां एक साइकिल पर सवार दो लोग घटना को अंजाम दे रहे थे। राजकुमार ने घटना की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक की डिग्गी से 18 हजार रुपये चोरी
मां के साथ बैंक से रुपये निकालने के बाद कर रहा था खरीददारी
अमर उजाला ब्यूरो