अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा।
कोतवाली क्षेत्र सौंसरी गांव में सोमवार की दोपहर बिजली गिरने से एक छात्र की मौत हो गई तथा दो गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, पड़ोसी गांव छोंछापुर में भी बिजली गिरने से चार गोवंशों की मौत हो गई। सूचना पाते ही तहसीलदार सदर ऋषिकांत राजवंशी व क्षेत्रीय लेखपाल विमलेश तिवारी मौके पर पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
तिर्वा कोतवाली के गांव सौंसरी निवासी ऋषि कुमार (16) पुत्र सर्वेश कुमार जाटव गांव के ही एक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था। वह अपने दोस्त शिवम (15) पुत्र जसवंत व विजय (16) पुत्र रमेश व कुछ अन्य साथियों के साथ रोज की भांति क्रिकेट खेलने के लिए प्राइमरी पाठशाला सौंसरी के खेल मैदान में गया था दोपहर करीब दो बजे अचानक बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए उक्त तीनों लोग मैदान में एक शीशम के पेड़ के नीचे बैठ गए। अन्य साथी अपने घर चले गए। इसी दौरान बिजली गिरने से ऋषि कुमार की मौके पर मौत हो गई, शिवम और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख कर घायल बच्चों ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। घायल विजय को प्राथमिक उपचार के बाद शाम को घर भेज दिया गया। शिवम का उपचार चल रहा है। उधर पड़ोस के गांव छोंछापुर में इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से खेतों में चर रहे चार गोवंशों की मौत हो गई। तहसीलदार ने बताया कि आर्थिक सहायता के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
सौंसरी गांव में बिजली गिरने से छात्र की मौत
-दो साथी घायल, प्राइमरी पाठशाला सौंसरी में क्रिकेट खेलने गए थे
-छोंछापुर गांव में चार गोवंश भी आए चपेट में, मौत