अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। सपा सरकार की किसी भी योजना को बंद नहीं किया गया है। सत्ता में आने के बाद भाजपा ने छात्रवृत्ति योजना में सुधार करके ऑनलाइन व्यवस्था को चालू कराया है। सरकार ने चार माह का समय पूरा किया है। पांच वर्ष में तमाम जनहितकारी योजनाओं को लाकर लोगों को लाभान्वित करने का काम किया जाएगा। यह बात भाजपा सरकार में समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।
शादी-विवाद अनुदान योजना बंद किए जाने के जवाब में कहा कि सपा सरकार के दौरान इस योजना में आए हुए आवेदनों की जांच कराई जा रही है। इसके स्थान पर सामूहिक विवाह योजना शुरू की जाएगी। मंत्री से समय पूछे जाने पर वह कन्नी काटते नजर आए। पिछली सपा सरकार में 14 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई, जबकि भाजपा ने 21 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति बांटी है। भ्रष्टाचार रोकने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की गई। जब पत्रकारों ने सवाल किया कि इसकी कई वर्ष पहले शुरुआत हो चुकी है तो मंत्री बोले, पहले स्कूल प्रबंधन छात्रवृत्ति योजना के आवेदनों को भरता था। अब इस कार्य को छात्रों से कराया जा रहा है। अनुसूचित जाति के आईएएस, पीसीएस की तैयारी करने वाले छात्रों को लखनऊ, बनारस, अलीगढ़, आगरा शहरों में नि:शुल्क कोचिंग दिलाई जा रही है। उनके रहने व खाने की भी व्यवस्था की गई है।
समाज कल्याण मंत्री ने दावा किया कि सामान्य जाति के 15 फीसदी मेधावी छात्रों को अलग से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। सपा सरकार की योजनाओं को बंद करने के बारे में कहा कि कोई भी योजना बंद नहीं की गई है। उन योजनाओं को केवल होल्ड किया गया है। उनकी त्रुटियों को सुधारकर और बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है।
डाक्टरों का इस्तीफा देना गंभीर मामला
कन्नौज। राजकीय मेडिकल कालेज के चिकित्सा शिक्षकों द्वारा इस्तीफा दिए जाने पर कहा कि उनके पास यह विभाग नहीं है। चिकित्सकों का इस्तीफा देना बेहद गंभीर मामला है। यह बात वह सरकार तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर समाज कल्याण अधिकारी संतोष पाठक, पूर्व विधायक बनवारीलाल दोहरे, भाजपा नेता विपिन दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष विपिन द्विवेदी, शैलेंद्र द्विवेदी, प्रबल प्रताप सिंह, शैलेंद्र प्रताप सिंह, विपुल दुबे, ऋषि शाक्य, संदीप शाक्य, आनंद कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
सपा सरकार की कोई योजना नहीं की बंद: रमापति शास्त्री
-मंत्री बोले, सामान्य वर्ग के 15 फीसदी मेधावियों को मिलेगी अलग से छात्रवृत्ति
-आवेदनों की जांच के कारण रोकी गई है शादी विवाह योजना: समाज कल्याण मंत्री