अमर उजला ब्यूरो
औरैया। एक युवक ने रविवार सुबह ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी। ट्रैक ठीक करने गए गैंगमैन ने जीआरपी पुलिस को सूचना दी। शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह करीब तीन बजे एक 22 साल का युवक ने अप ट्रैक पर वैशाली एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। बताया गया कि सुबह ही ट्रेन चालक ने टूंडला कंट्रोलर को युवक के कूदकर जान देने का मेमो पास किया। इसके बाद जब गैंगमैन रेलवे ट्रैक चेक कर रहा था तो शव पड़ा देख उसने जीआरपी पुलिस को सूचना दी।
शव मिलने की सूचना पर कस्बे के लोग भी मौके पर पहुंच गए। जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। मगर, कामयाबी नहीं मिली।
स्टेशन अधीक्षक रमेश लाल मीणा ने बताया कि कंट्रोलर से पता चला कि चालक ने युवक के कूदकर आत्महत्या करने का मेमो दिया है। पहचान न होने पर जीआरपी पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।