कानपुर देहात। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए अनंतिम सूची जारी कर जिले में 81 केंद्र बनाए गए हैं। गुरुवार को सूची जारी हुई थी। मंगलवार को आपत्तियां देने का अंतिम दिन था। 125 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। पूर्व में केंद्र बनते रहे विद्यालयों में इस बार केंद्र न बनाए जाने पर आपत्ति दी है। वहीं कई विद्यालयों ने परीक्षार्थियों को दूरस्थ केंद्र पर संबद्ध करने की खामी बताई है।
जिले में हाईस्कूल के 27399 और इंटरमीडिएट के 25315 परीक्षार्थी हैं। कुल 52714 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। गुरुवार को जारी की गई अनंतिम सूची में 51 सवित्त, 23 स्ववित्तपोषित व 7 राजकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। ये परीक्षा केंद्र ऑनलाइन साफ्टवेयर के माध्यम से बनाए गए। आपत्तियों के लिए 28 नवंबर तक का मौका दिया गया था। मंगलवार को डीआईओएस कार्यालय में 125 आपत्तियां दर्ज की गई। रसूलाबाद के गंधर्व सिंह स्कूल के प्रबंधक की ओर से आपत्ति दी गई है कि लगातार उनका विद्यालय परीक्षा केंद्र रहा। इस बार सूची में नाम नहीं आया। इधर दो साल पूर्व जिन स्कूलों को मान्यता मिली उन्हें भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इधर कई विद्यालय की ओर से आपत्ति दी गई है कि विद्यालय परिसर में प्रबंधक आवास है ऐसे विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस अचल कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा केंद्रों को लेकर आयी आपत्तियों में प्रमुख तौर पर केंद्र बनाने की मांग, बच्चों को दूरस्थ केंद्र पर संबद्ध करने, परीक्षार्थियों का आवंटन क्षमता से अधिक किए जाने की है। आपत्तियों पर जिला स्तरीय समिति विचार करेगी। जांच कराकर नियमानुसार आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की गाइड लाइन के अनुसार ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।