22 अप्रैल को अमर उजाला में प्रकाशित खबर
- फोटो : AMAR UJALA
एप-2 संवाद न्यूज एजेंसी। तालग्राम। किस्तियापुर गांव के क्वारंटीन वार्ड से भागे आठ लोगों में से छह को पुलिस ने पकड़ लिया है। इन्हें तालग्राम के आईटीआई क्वारंटीन वार्ड में ठहराया गया है। अमर उजाला ने 22 अप्रैल को खबर प्रकाशित करके इसका खुलासा किया था। इसके बाद अधिकारी हरकत में आए थे। मेडिकल कालेज कालेज के क्वारंटीन वार्ड से एक और तालग्राम के किस्तियापुर गांव स्थित प्राथमिक स्कूल में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड से आठ लोगों समेत कुल नौ लोगों के भागने का मामला २१ अप्रैल को सामने आया था। पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने नाराजगी जताई थी और इनकी जल्द से जल्द तलाश करने के निर्देश दिए थे। अमर उजाला ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद बीडीओ चंद्रभान सिंह ने सचिवों के साथ इनकी तलाश शुरू की। गुरुवार शाम को छह लोग घरों से पकड़े गए और इन्हें तालग्राम के आईटीआई क्वारंटीन सेंटर भेजा गया। तीन लोगों की तलाश अभी जारी है। देखरेख के लिए सचिव ओमकार यादव, आदित्य कुमार, गौरी शंकर के अलावा पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है। स्वास्थ्य टीम ने सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की है।