बहुआ (फतेहपुर)। बांदा-टांडा हाईवे पर ललौली थाना क्षेत्र के ओती गांव के पास रविवार रात लगभग आठ बजे बोलेरो और ट्रैक्टर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को मशक्कत कर निकाला गया। हादसे में एक परिवार के दंपति समेत पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। सात घायलों को जिला अस्पताल
पहुंचाया गया है। हादसा ललौली थाने के ओती गांव के पास हुआ। बोलेरो सवार बांदा पौत्र के छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसा ट्रैक्टर के ट्राले में बोलेरो के एक साइड से टकराने से हुआ है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ठिठौरा गांव निवासी मेवालाल (48) सेना से रिटायर थे। फौजी का एक बेटा सुनील अपनी ससुराल बांदा जिले के छापर गांव में रहता है। सोमवार को सुनील के बेटे की छठी है। मेवालाल परिवार व रिश्तेदारों के साथ बोलेरो से पौत्र की छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रात करीब आठ बजे ओती गांव के
पास बोलेरो और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। हादसे में मेवालाल की पत्नी मंजू देवी (45), बहनोई गुलाब का पांच साल का बेटा अंश (5), सरहज भगवती देवी (40) पत्नी शिवकुमार निवासी गाजीपुर थाना क्षेत्र के घघौरा गांव, बोलेरो चालक (40) की मौत हो गई। दुर्घटना में मेवालाल के दामाद कानपुर गल्ला मंडी निवासी राजेश (32),
राजेश की पत्नी पूजा देवी (28), राजेश की बहन पूजा (16), गुलाब की बेटी आरुषि (7), मेवालाल का बेटा चेतन (20), ट्रैक्टर चालक ललौली थाने के बहुआ कस्बा के शांतिनगर मोहल्ला निवासी प्रेम यादव (20), संतलाल (40) गंभीर घायल हैं। जिला अस्पताल से राजेश और उसकी पत्नी पूूजा व बहन पूजा को कानपुर रेफर
कर दिया गया है। परिवार के लोग ठिठौरा से बांदा जिले के छापर गांव मेवालाल के पौत्र की छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। एसओ राजेश मौर्या ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाए गए हैं। ट्रैक्टर को थाने में खड़ा कराया गया है। बोलेरो चालक की पहचान कराने के प्रयास किया जा रहा है। बोलेरो चालक मलवां थाना क्षेत्र के मुचवापुर गांव निवासी होने का पता लगा है।
ट्रैक्टर व बोलेरो की भिड़ंत में पांच की मौत, सात घायल
बोलेरो में फंसे लोगों के बड़ी मशक्कत से निकाला जा सका
बोलेरो सवार पौत्र के छठी कार्यक्रम में शामिल होने बांदा जा रहे थे
अमर उजाला ब्यूरो