कमालगंज (फर्रुखाबाद)। रिश्तेदारी से घर लौटते समय बाइक बेकाबू होकर गड्ढे में पलट गई। दुर्घटना में बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों साले घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घायल एक की हालत बिगड़ने पर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला कासगंज के कसबा गंजडुंडवारा निवासी उमेशचंद्र (45) 11 मार्च को साले गौरव के छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए फतेहगढ़ कोतवाली के गांव याकूतगंज आए थे। मंगलवार को गौरव और उसका भाई विक्की और बहनोई उमेशचंद्र अपने मामा के यहां जिला कन्नौज कसबा गुरसहायगंज गए थे। बुधवार को गौरव बाइक से
लौट रहा था। गौरव हेलमेट नहीं पहने हुए था। वह लोग नाला बघार के पास से गुजर रहे थे, इस दौरान तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर फिसल गई और गड्ढे में पलट गई। हादसे में उमेशचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस से घायल विक्की और गौरव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से विक्की की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग आ गए। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे में बहनोई की मौत, दो साले घायल
कासगंज के कसबा गंजडुंडवारा युवक साले के छोटे भाई की शामिल होने आए थे
बाइक सवार साले-बहनोई कन्नौज रिश्तेदारी से लौट रहे थे, नहीं लगाए थे हेलमेट
अमर उजाला ब्यूरो