फतेहपुर। निकाय चुनाव में गुरुवार को नामांकन की होड़ रही। जिले के सातों निकायों से अध्यक्ष पद के लिए 26 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। सदर नगर पालिका से तीन और बिंदकी नगर पालिका से चार पर्चे दाखिल किए गए। पांच-पांच पर्चे बहुआ, खागा और किशनपुर नगर पंचायत के लिए भरे गए। हथगाम और जहानाबाद नगर पंचायत से दो-दो नामांकन हुए हैं।
फतेहपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गुप्ता, आम आदमी पार्टी से प्रभा पटेल व निर्दल प्रत्याशी के रूप में लालती देवी ने पर्चा दाखिल किया। छह नवंबर को नामांकन कर चुकीं सपा प्रत्याशी नजाकत खातून ने गुरुवार को तामझाम के साथ पर्चा भरा। बहुआ नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा से अंसार कुरैशी, भाजपा प्रत्याशी बिजेंद्र बहादुर सिंह, आम आदमी पार्टी से रामआसरे यादव और निर्दल प्रत्याशी शकील अहमद व जैबुन निशा ने नामांकन किया।
नगर पालिका बिंदकी अध्यक्ष पद के लिए बसपा प्रत्याशी सुनील कुमार गौतम, आम आदमी पार्टी से छुन्ना उर्फ कालिया सोनकर के अलावा निर्दल उम्मीदवार पंकज गौतम व प्रवीना गौतम ने नामांकन किया। सात नवंबर को नामांकन करा चुके सपा प्रत्याशी मुन्नालाल सोनकर ने भी फिर पर्चा भरा।
खागा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अखिलेश पांडेय, बसपा से राज कुमार केशरवानी के अलावा निर्दल प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह, प्रमिला केशरवानी व अनिल यादव ने नामांकन कराया। बुधवार को पर्चा दाखिल करने वाली भाजपा प्रत्याशी गीता सिंह ने फिर आकर नामांकन कराया।
किशनपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद्र अग्रवाल के अलावा निर्दल उम्मीदवार त्रिभुवन सिंह, अनवार, जय चंद्र व तेज बहादुर पर्चा दाखिल किया। सात नवंबर को निर्दल उम्मीदवार के रूप में नामांकन कराने वाले धरमजीत सिंह ने कांग्रेस सिंबल के साथ नामांकन किया। हथगाम नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए निर्दल प्रत्याशी अरुणा राय व रामरानी उर्फ रन्नो का पर्चा भरा गया।
जहानाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी सुधा सिंह व कांग्रेस प्रत्याशी राबिया खानम ने नामांकन कराया, जबकि आठ नवंबर को नामांकन कराने वाली बसपा प्रत्याशी राबिया, निर्दल उम्मीदवार हंस कुमारी, रीता पांडेय, शान परवीन व सबीहा परवीन ने फिर पर्चा भरा।