कायमगंज। पांच दिन से लापता कारोबारी का पुत्र शुक्रवार को बदहवास हालत में घर पहुंचा और बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के होश में आने के बाद ही सही स्थिति की जानकारी होगी।
कस्बा निवासी गंगाराम जाटव भवन निर्माण सामग्री का कारोबार करते हैं। गंगाराम का 19 वर्षीय पुत्र अमित कुमार 18 सितंबर की शाम घर से बाहर गया था। उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। रिश्तेदारों, सगे संबंधी व दोस्तों के यहां जानकारी के बाद पता न चलने पर पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लापता होने के
पांचवें दिन अमित बदहवास अवस्था में घर पहुंचा। लाडले को दरवाजे पर देख परिजन खुशी से दौड़े लेकिन तब तक अमित बेहोश होकर गिर पडा। घर में कोहराम मच गया। जैसे तैसे उसे होश में लाया गया। उसके बाद उसे परिवारीजन सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। व्यापारी ने बताया कि उनका पुत्र होश में नहीं है। अभी कुछ बता भी नहीं पा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह ने बताया कि युवक के होश में आने के बाद पूछताछ में सही जानकारी मिलेगी।
फोटो संख्या 29: अस्पताल में इलाज के दौरान बेहोश अमित।
व्यापारी का लापता पुत्र बदहवास हालत में मिला
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर, पुलिस ने की पड़ताल, पांच दिन पूर्व घर से हो गया था लापता
अमर उजाला ब्यूरो