अमर उजाला ब्यूरो
गुगरापुर।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नरेंद्रपुर निवासी विपिन पाठक की 25 वर्षीय पत्नी शिल्पी की रविवार को फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। विपिन शव लेकर गांव आया था। जानकारी पर ससुराल पहुंचे मायके पक्ष और ससुरालीजनों के बीच मारपीट हो गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर ससुराल पक्ष के लोग शव को छोड़कर भाग निकले। पड़ोसियों के अनुसार, अचानक बीमार पड़ने पर शिल्पी को अस्पताल में भरती कराया गया था।
दिल्ली के रोहिणी थाना विजय विहार निवासी शिल्पी की मां विमला तिवारी ने विपिन पाठक पर परिवार की एक महिला से अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए बताया कि विपिन और उसके परिजन दहेज की मांग लेकर शिल्पी को प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी। आरोप लगाने के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों बीच गालीगलौज और मारपीट हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी आलोक सिंह, सीओ लक्ष्मीकांत गौतम और फारेसिंक टीम प्रभारी रावेंद्र सिंह को देखकर विपिन और उसके परिजन भाग गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फारेसिंक टीम ने मौके पर साक्ष्यों को एकत्र किया। मृतका की मां ने बताया कि उसके पति की कई साल पहले मौत हो गई थी। जुलाई 2013 में उसने शिल्पी की विपिन से शादी की थी। विमला देवी ने विपिन कुमार समेत उसके परिजनों के खिलाफ शिल्पी की हत्या की तहरीर दी है। कोतवाली निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विवाहिता की मौत के बाद मायके और ससुराली भिड़े
- मृतका की मां ने दामाद पर परिवार की महिला से अवैध संबंधों का लगाया आरोप
- हत्या करने की दी तहरीर, पुलिस को देख ससुरालीजन भागे