ससुरालीजन फरार, भाई ने हत्या का आरोप लगाया
मोहम्मदाबाद।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भवानी सिंह में सोमवार को संदिग्ध हालात में महिला का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला।
मृतका के भाई ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर, ग्रामीणों में चर्चा है कि मृतका के पति के गांव की एक युवती से प्रेम संबंध हैं। इसी को लेकर आए दिन दोनों में विवाद होता था।
कन्नौज जिले की छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी कृष्णा देवी (29) की शादी नगला भवानी सिंह निवासी शिव प्रताप सिंह के साथ वर्ष 2005 में हुई थी। कृष्णा देवी के दो पुत्र सूरज कुमार (8) व संती (6) है।
शिवप्रताप के मकान के बगल में बने घर के कमरे में भूसा भरा है। सोमवार की दोपहर करीब एक बजे कमरे के अंदर कृष्णा देवी फांसी के फंदे पर लटकती मिली।
ससुरालवालों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर महिला को नीचे उतारा और बघार में निजी अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को घर लाने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए।
सूचना पर कोतवाल संजीव सिंह राठौर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका के पुत्र सूरज ने पूछताछ बताया कि फोन आने के बाद उसके पापा व मम्मी में झगड़ा व मारपीट हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसपी दयानंद मिश्रा, सीओ मोहम्मदाबाद शरतचंद्र शर्मा ने घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की। कोतवाल को जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। उधर, ननिहाल वाले दोनों बच्चों को साथ ले गए। मामले की रिपोर्ट अभी नहीं लिखाई गई है।
-फोन आने पर दंपति में झगड़े की बात सामने आई