घाटमपुर के बौहार गांव की मां-बेटी समेत 12 और मरीजों में डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। मरीजों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। इनमें सात उर्सला, दो हैलट और तीन प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती हैं।
बौहार ग्राम प्रधान के भतीजे राहुल को तेज बुखार और शरीर में दर्द के बाद उर्सला में भर्ती कराया गया है। प्रदेश सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व वरिष्ठ बसपा नेता अनंत मिश्रा बुधवार दोपहर उर्सला पहुंचे और डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों का हाल जाना।
उर्सला के डायरेक्टर डॉ. अनुराग कुमार राजवंशी ने कहा कि वार्ड पांच को डेंगू वार्ड बना दिया गया है। बेडों पर मच्छरदानी लगाई हैं। इधर, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग की नोडल अधिकारी डॉ. रिचा गिरी ने बताया कि वार्ड 14 को अस्थाई रूप से डेंगू वार्ड बनाया गया है।
जल्द ही डेंगू पीड़ितों को वार्ड शिफ्ट करेंगे। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. यशवंत राव ने बताया कि वार्ड नौ को डेंगू वार्ड बनाया जा रहा है।