कानपुर में 11वीं कक्षा में फेल होने से दुखी सराफ के बेटे आयुष शुक्ला (17) ने शनिवार देर रात कल्याणपुर स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक के कमेंट करने से आहत होकर आयुष ने यह कदम उठाया है।
मूलरूप से काशीनाथ पुरवा निवासी सराफ शशीकांत शुक्ला परिवार के साथ आवास विकास-तीन कल्याणपुर में रहते हैं। चौबेपुर कस्बे में उनकी ज्वैलरी शॉप है। उनके दो बेटों में बड़ा आयुष अवधपुरी कल्याणपुर स्थित वीरेंद्र स्वरूप स्कूल में पढ़ता था।
परिजनों के मुताबिक आयुष 11वीं कक्षा में फेल हो गया था। इस पर एक शिक्षक ने आयुष पर कमेंट किया, जिससे वह तनाव में था। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था। देर रात वह चुपचाप घर से निकल गया था। स्कूल का परिचय पत्र उसके पास था।