सफीपुर/फतेहपुर चौरासी। पुलिस के लिए गले की फांस बना नेवाजी प्रकरण में बुधवार को नया मोड़ आ गया। नेवाजी की मां सफीपुर सीओ कार्यालय पहुंची और बेटे के बंगलूरू में होने की बात बताई। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार नेवाजी को बंगलूरू से लाया जाएगा। लड़की को भगाने के मुकदमे में वह आरोपी है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव कुशलखेड़ा मजरा लवानी निवासी नेवाजी पुत्र मुन्ना पर एक गांव निवासी पिता ने बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस नेवाजी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। तीन दिंसबर को नेवाजी की मां शिवदेवी ने फतेहपुरचौरासी पुलिस पर बेटे की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया था। इस पर एसपी ने थानाध्यक्ष नारदमुनि को लाइन हाजिर कर दिया था। नेवाजी प्रकरण में पुलिस मंगलवार को एक माह से गायब किशोरी को खोज कर लाई थी। इसके दूसरे दिन ही नेवाजी की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाने वाली मां शिवदेवी सीओ कार्यालय सफीपुर पहुंच गई। यहां सीओ गौरव त्रिपाठी के न मिलने पर उसने बताया कि उसका बेटा बंगलूरू में सुरक्षित है।
पुलिस की पिटाई के डर से वह आसीवन के रहीमाबाद में मामा के घर चला गया था। मामा से पैसे लेकर वह बंगलूरू चला गया था। फतेहपुर चौरासी एसओ अजयराज वर्मा ने बताया कि बुधवार को किशोरी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार किशोरी के कलमबंद बयान भी दर्ज कराए जाएंगे। उसके बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-पुलिस थाने से नेवाजी के लापता होने का मामला
-अपने बयान से पलटी मां, सीओ कार्यालय में दिया पत्र