कानपुर देहात। धान खरीद शुरू हुए 16 दिन बीत गए हैं लेकिन अधिकांश केंद्रों में खरीद शुरू नहीं हो सकी। शुक्रवार को एसडीएम ने अकबरपुर स्थित मंडी स्थल पर खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र में खरीद न होने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जता प्रभारी को फटकार लगाई।
धान खरीद की स्थिति जिले में बेहद खराब है। 16 दिन बीतने के बाद अधिकांश केंद्रों में खरीद की शुरुआत भी नहीं हो सकी है। खरीद न होने की हकीकत देखने के लिए अधिकारी केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। शुक्रवार को अकबरपुर एसडीएम आनंद कुमार सिंह ने अकबरपुर मंडी स्थल पर बने खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। मौके पर मिले सहायक विपणन अधिकारी लल्लू प्रसाद ने एसडीएम को बताया कि केंद्र में 15 हजार खाली बोरियां रखी हैं। खरीद के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध हैं। इसके बाद भी केंद्र में खरीद न होने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जता सहायक विपणन अधिकारी को जमकर फटकार लगाई। वहीं, हर हाल में शनिवार से खरीद शुरू करने के निर्देश दिए। राजेश, मोहन सिंह, राजाराम कुशवाहा, मनोज पांडेय आदि किसानों ने बताया कि केंद्र प्रभारी धान गीला होने की बात कह कर वापस कर देते हैं जिससे बाजार में धान बेचना पड़ रहा है। एसडीएम ने बताया कि केंद्र में खरीद बंद मिली है। क्रय केंद्र प्रभारी को खरीद शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। खरीद में लापरवाही करने वाले केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। केंद्र प्रभारी को अनावश्यक रूप से किसानों को परेशान न करने की सख्त हिदायत दी गई है।