चौबेपुर (कानपुर)। क्षेत्र बेला मार्ग पर अब्दुलपुर गांव के सामने बुधवार की दोपहर रोडवेज और निजी बस में आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दोनों बसों के 20 लोग घायल हो गए। दुर्घटना देखकर दौड़े आसपास के लोगों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को देकर घायलों को सीएचसी भेजा। जहां चार घायलों की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
बुधवार की दोपहर आजाद नगर डिपो की रोडवेज बस कानपुर से सवारियां लेकर बायां रसूलाबाद से दिल्ली जा रही थी। तभी एक बजे बेला मार्ग पर अब्दुलपुर गांव के सामने एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान रोडवेज बस विपरीत दिशा से सवारियां भरकर आ रही निजी बस से जा टकराई। दोनों बसों में आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। धमाका सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दिए जाने के साथ आनन-फानन में सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया।
घायलों में निजी बस चालक अमित सिंह निवासी जैतपुर शिवली, परिचालक जफर निवासी कन्नौज, श्यामल इनकी पत्नी लक्ष्मी, पुत्र देशराज, पुत्री जिया, करुणा, विशाल, बसंती, सपना, कृष्ण निवासीगण रसूलाबाद, कानपुर देहात, बेबीपाल निवासी प्रतापपुर, रुकसाना निवासी मालौं, सुमन निवासी पनकी कानपुर , सीमा और अश्वनी निवासीगण अवसेर, आशा त्रिवेदी एएनएम शिवराजपुर, रंजीत निवासी कुर्मी खेड़ा, श्यामकांती निवासी औनहा और गीता निवासी चैबेपुर आदि शामिल हैं। सीएचसी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि घायलों में अमितसिंह, बसंती, आशा और श्यामकांती की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया गया है।