घाटमपुर। कोतवाली के श्रीनगर गांव में दो ट्रकों की हुई सीधी भिड़त में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई। जबकि, दूसरे ट्रक के चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी से एक को हैलट जबकि, तीन घायलों को उर्सला अस्पताल कानपुर रेफर किया गया है।हादसे के बाद मुगल रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से दोनों ट्रकों को हटवाने के बाद यातायात सामान्य कराया।
बम्हरौली (इलाहाबाद) निवासी ट्रक के खलासी मो.वाइस (28) ने बताया कि शुक्रवार को अपने कसबे के ही निवासी चालक मो.शाबिर (35) के साथ ट्रक पर लोहा लादकर इलाहाबाद से दिल्ली की ओर जा रहा था। शाम 4 बजे के आसपास मूसानगर रोड पर स्थित श्रीनगर गांव के पास पहुंचा। तभी सामने से तेज रफ्तार में आए दूसरे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई।
ट्रकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनके अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए। जबकि, दोनों के चालक और उनमें सवार लोग केबिनों के भीतर फंस गए। बम्हरौली (इलाहाबाद) निवासी ट्रक चालक मो.शाबिर के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उसके शरीर के अंग ट्रक के केबिन में बिखकर गए। वहीं भिड़ंत के बाद दोनों ट्रकों के रोड पर आड़े-तिरछे हो जाने से मुगल रोड पर यातायात भी बाधित हो गया।
हादसे की खबर पाकर कोतवाल दिलीप कुमार बिंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की मदद से ट्रकों में फंसे लोगों को बाहर निकलवाने के बाद सीएचसी पहुंचवाया। जहां, दूसरे ट्रक के चालक उम्र करीब 37 वर्ष की पहचान नहीं हो पाई। गंभीर हालत में तत्काल हैलट अस्पताल (कानपुर) रेफर किया गया। जबकि, उसी ट्रक पर सवारी बनकर बैठे ग्राम सरौटा, थाना मूसानगर (कानपुर देहात) निवासी युवक आशीष कुमार (27) और ग्राम अर्रा, थाना असोथर (फतेहपुर) निवासी धरम सिंह (60) के अलावा ट्रक के खलासी मो.वाइस (28) को प्राथमिक उपचार के बाद उर्सला अस्पताल (कानपुर) रेफर किया गया।